Tuesday, 7 February 2012
न कहना भी बोलता है
बोल देना ही सबकुछ नहीं होता
कभी-कभी बहुत भरा हुआ मन
एक शब्द भी नहीं बोल पाता
और शब्द आकाश में बादलों की तरह
छाये रह जाते हैं
चीज़ों से अधिक खालीपन का अस्तित्व है
खालीपन में ही सारी दुनिया है
चीज़ों का अस्तित्व है
जैसे मौन की गोद में शब्द खेलते हैं
शब्दों को जन्म लेना होता है
और बोलना होता है
नीला समाधिस्थ स्वयंभू मौन
कितना-कुछ करता-कहता रहता है
मौन के आकाश में ही
शब्दों के बादल घिर आते हैं
कभी झरते हैं
कभी खूब बरसते हैं
और जब छाये रह जाते हैं
तो बरसने के लिए मचलते रह जाते हैं
आकाश शब्दों को ध्वनि देकर
गूंगा नहीं हो जाता
और नहीं बादलों को बरसाकर खाली ही
भाषा के बिना भी एक भाषा है
उसे जानती है माँ
वह शिशु के बिना बोले
उसकी भूख-प्यास-पीड़ा
सब समझती है
भाषा के बिना भी उगता है सूरज
अँधेरे की दहशत मिटाता है
भाषा के बिना यादें उम्र-भर जीती हैं
भाषा के बिना भी दुनिया चलती रहती है
भाषा का न होना भी एक भाषा है
# # #
एक आम आदमी
उसे पहली बार देखा था
ओठों पर मुस्कराहट थी
जसे वह किसी पर भी हंस सकता था
दूसरी बार जब मिला था
काम के प्रश्नों से उसके ओठ मुस्कुराना भूल चुके थे
सोती रात की जागती आँखों की बेचैनी
उसके चेहरे पर सक्रिय थी
वह तीसरी बार मिला था
काम करता हुआ और शांत
उसकी शान्ति
मुस्कुराहट और बेचैनी
दोनों चबा गयी थी
उसके चेहरे पर लकीरें आ गयीं थीं
जिन्हें अभी नहीं आना चाहिए था
वह एक आम आदमी था
# # #
Thursday, 26 January 2012
खोया बचपन
बच्चे का बचपन खोया है
खेल खिलौने क्या होते हैं?
सारा भुवन घूमकर देखा
नहीं हाथ में अन्न की रेखा
कितनी उसने खाई गाली
फिर भी भरी न उसकी थाली
दो भी कौर खिला दे कोई
ऐसे अपने क्या होते हैं!
कौन सुनाये उसे कहानी?
माँ की आँखों में था पानी
घर छूटा क्या साथ रह गया
सब कुछ तो फुटपाथ रह गया
कोई उससे जाकर पूछे
मीठे सपने क्या होते हैं?
इन राहों पर छांह नहीं है
मजदूरी बिन राह नहीं है
कागज़ के कोमल अफ़साने
कहो भला वे कैसे जानें?
किरणों वाले क्या जानेंगे
तम-तहखाने क्या होते हैं?
*****
चुपके-से आधी रात में
मेघ भला कब आ गए
चुपके से आधी रात में?
पाती लिख-लिखकर सब हारे
मनमौजी न आया
कब चंपा को हिला गया
सारा आँगन महकाया
हवा खबरिया दे गयी
चुपके-से आधी रात में
पात न बोले, रात न बोली
ना बोली बीजुरिया
माधव सबको पिला रहा था
रस की भरी गगरिया
लाल चुनरिया भींग गयी
चुपके-से आधी रात में
ना आँगन में खुसर-पुसर
न बगिया में था शोर
देख न पाया कोई कैसे
आये बन के चोर
*****
Wednesday, 25 January 2012
कचरे में रोटी
सबकी मंजिल अमरीका, इंग्लॅण्ड और जापान,
उसको बटोरना ठहरा टूटा , फेंका सामान,
अब चन्दा पर भी बँगला बनवाने कि सब सोचें
पर वह तो अपने पैरों के नीचे धरती खोजे
फिर भी न कोई शिकवा कि किस्मत पाई खोटी
दुधमुहों को तो दूध नहीं, पर मिल जाता है मांड
घुटनों चलने से पहले टांगें होतीं लाचार
खेलों के दिन जब ए तो खेल खा गयी भूख,
पानी भी साफ़ न मिलता,तन रहा है उनका सूख,
डाइपर के दिन में भी तो नीचे न जुटी लंगोटी,
शीशी-बोतल चुनता है,पन्नी कागज़ दिन-भर,
तन धूल भरा है सारा, कालिख है चेहरे पर,
जिस देश का बचपन भूखा हो ना पूछो उसका हाल,
हल करते रह जाते हैं ,रोटी का कठिन सवाल,
ईमान-धरम खा जाये यह भूख ना होती छोटी,
बेमानी है आज़ादी,नाटक जनता का राज,
आहार मिले ना जब तो,झूठा है सारा साज,
ऊपर का लेबेल कुछ है,भीतर है कोई माल,
जनसेवक ही राजा है, जनता है खस्ताहाल,
जनतंत्र के जाल में उलझी जनता जाती है लूटी.
*******
Subscribe to:
Posts (Atom)





